मंडी शहर से भारी मशीनरी लेकर जाता ट्राला। संवाद
मंडी। शहर के गांधी चौक में रविवार को मशीनरी ले जा रहा ट्राला बिजली के तारों में फंस गया। इस दौरान शार्ट सर्किट से जोर से धमाका हुआ। चिंगारियां दूर-दूर तक बिखरीं। बिजली के तारों से धुआं उठता देख आसपास के लोग सहम गए। कुछ तारें टूट गईं और एक बड़ी तार नीचे लटक गई। थोड़ी देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
मौके पर तैनात शहरी पुलिस ने जिम्मा संभाला और यातायात को बहाल करवाया। कई वाहन चालक लटकती तारों के नीचे से निकलने को मजबूर हुए। गनीमत रही कि भीड़भाड़ वाले इस स्थान पर रविवार को छुट्टी होने के चलते बेहद कम लोग थे। बिजली समेत अन्य तारों के टूटने से शाम पांच बजे आधे शहर में बिजली गुल हो गई। करीब दो घंटे तक बिजली बाधित रही। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने प्रशासन को भी कोसा और कहा कि जब शहर में तार कई जगह लटक रहे हैं तो बड़े वाहनों को जाने की अनुमति क्यों दी जा रही है।
युवक की मौत के बाद हरकत में आया था प्रशासन
हाल ही में चौहटा बाजार में बिजली के खंभे से गिरने पर पुरानी मंडी के वासनी गांव के युवक की मौत हुई थी। इसके बाद आनन-फानन में विद्युत बोर्ड ने कुछ तार हटाए थे। नगर निगम भी शहर में तारों के मकड़जाल को व्यवस्थित करने को लेकर नोटिस थमा चुका है। इसके बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
...
पुलिस नहीं गंभीर, आने दे रही वाहन
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस के पास शिकायत दी है कि सामान लेकर जाने वाले बड़े वाहनों पर शहर में रोक लगाई जाए। पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसा मामला फिर से आया है तो उक्त ट्राले वाले से नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी।