मंडी। खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) और कचरा मुक्त शहर (जीएफसी) स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत सर्वेक्षण टीम ने शहर का निरीक्षण शुरू कर दिया है। कांगड़ा के पालमपुर में सर्वे के बाद केंद्रीय टीम मंडी शहर पहुंची है। सर्वेक्षण के बाद टीम रिपोर्ट को तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजेगी। इसके बाद देशभर के शहरों का उनकी आबादी के अनुसार स्वच्छता रैंकिंग जारी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शौचालयों की स्थिति, कूड़ा कचरा एकत्रीकरण और निस्तारण की प्रक्रिया को बारीकी से जांचा गया। टीम ने शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, होम कंपोस्टिंग और स्वच्छता मित्रों की कार्य प्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों को गीला, सूखा एवं हानिकारक कचरा अलग-अलग देने, सिंगल यूज पाॅलिथीन से बचने और प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने शहरवासियों से स्वच्छता संबंधित सुझाव और फीडबैक भी लिया। दो सदस्यीय टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों में शौचालय की हालत जांची। इसके अलावा प्राकृतिक जल स्रोतों का भी जायजा लिया। शहर में खड्डों और नदी-नालों के निकट भी जल संरक्षण के प्रति किए जा रहे प्रयासों का मूल्यांकन किया।
...
ओडीएफ, जीएफसी सर्वे
ओडीएफ यानी खुले में शौच से मुक्त सर्वे के तहत यह जांच की जाती है कि शहर के सभी लोग शौचालय का उपयोग करते हैं या नहीं। इसके लिए खुले में शौच के स्थानों की जांच की जाती है और लोगों से शौचालय के उपयोग के बारे में जानकारी एकत्र की जाती है। जीएफसी यानी कचरा मुक्त शहर सर्वे में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था और कचरा मुक्त शहर के लक्ष्य की प्राप्ति की निगरानी करता है। इसमें कचरे के संग्रह, परिवहन, प्रसंस्करण और निपटान की व्यवस्था की जांच की जाती है। यह सर्वे शहरों को कचरा मुक्त बनाने के प्रयासों का मूल्यांकन करता है।
...
केंद्र से पहुंची स्वच्छता सर्वेक्षण टीम शहर में साफ सफाई समेत अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करेगी। शहर के शौचालयों समेत वाटर बाडी का भी टीम जायजा ले रही है। उम्मीद है कि इस बार मंडी शहर स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
-एचएस राणा, आयुक्त, नगर निगम मंडी
000