मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं
महज एक किलोमीटर सड़क को तीन साल पक्का नहीं कर पाई बीबीएमबी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर की पहचान बीएसएल झील किनारे बनी सड़क की खराब हालत से लोगों को लगातार परेशानी हो रही है। मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद तीन महीने बाद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे बीबीएमबी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क गोलार्द क्षेत्र में बड़े गड्ढों और उखड़े कंक्रीट से जर्जर हो चुकी है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलने का खतरा बना है और राहगीरों को धूल-मिट्टी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
यह मार्ग कपाही, लुहाखर, लेदा और रिवालसर को सुंदरनगर से जोड़ता है तथा इसी से मुरारी देवी जाने का रास्ता भी निकलता है। हजारों लोग और स्कूल जाने वाले बच्चे रोजाना इस सड़क का उपयोग करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत और टारिंग न होने से सड़क की स्थिति बिगड़ती गई है। पूर्व पार्षद शिव सिंह सेन ने बताया कि यह सड़क बीबीएमबी के अधीन है और कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हुआ है।
वहीं, परियोजना के अधिशाषी अभियंता विनोद ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण एजेंसी के आवंटन के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।