निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
दो सप्ताह पहले भी डंगा गिरने का दावा, स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत सुराड़ी ऊपरली में बुधवार को नेशनल हाईवे-003 पर निर्माणाधीन डंगे के धंसने से एक बड़ी दुर्घटना हो गई। डंगे के ऊपर मिट्टी और पत्थर भरने का कार्य कर रही एक्स्कावेटर मशीन अचानक डंगा टूटने से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मशीन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल कोटली में भर्ती कराया गया है।
मौके पर मौजूद सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर ठाकुर सिंह गुलेरिया ने बताया कि कंपनी के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए गए हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि कई स्थानों पर निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है, जिससे भविष्य में भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
सपलोह निवासी मान सिंह ने दावा किया कि करीब दो सप्ताह पहले भी कंपनी का एक अन्य डंगा इसी प्रकार ढह गया था, जिसमें एक मशीन दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उन्होंने निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच करवाने की मांग की। वहीं, स्थानीय निवासी जयदेव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कंपनी द्वारा बनाए गए कई अन्य डंगे भी असुरक्षित स्थिति में हैं। उनका कहना है कि करीब एक किलोमीटर आगे बनाए गए दो डंगे भी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करने की मांग की है।
उधर, एसडीएम कोटली जगदीश चंद ने बताया कि मंडी में वीरवार को कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक है। इसमें इस संबंध में चर्चा की जाएगी।