जोगिंद्रनगर (मंडी)। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना ने जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में नई उम्मीद जगाई है। इस योजना के तहत क्षेत्र में अब तक 14 परिवार पक्का मकान बनाकर अपने घर का सपना पूरा कर चुके हैं। इन घरों के निर्माण पर लगभग 21 लाख रुपये की राशि खर्च हुई है।
सरकारी की इस योजना के तहत पात्र परिवारों को मकान के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली है। जलपेहड़ निवासी लाभार्थी नीटू ने बताया कि पहले उनका मकान कच्चा था और बरसात के समय घर में पानी टपकता था, लेकिन सरकार की सहायता से अब वह सुरक्षित पक्का घर बना सकी हैं।
वहीं, आरठी निवासी चेहर सिंह ने कहा कि यह योजना उनके लिए वरदान साबित हुई है और सरकारी मदद के कारण ही वे पक्का घर बना पाए। इस योजना के तहत पक्का मकान बनाने के लिए पात्र लाभार्थियों को दो किस्तों में डेढ़ लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
तहसील कल्याण अधिकारी जोगिंद्रनगर, चंदन वीर सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत क्षेत्र के 14 परिवारों को लगभग 21 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति को पक्का मकान उपलब्ध करवाना है और इस दिशा में जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।