सुंदरनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत टिहरी के प्रधान सुख राम की अगुवाई में छह गांवों के ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर से सुंदरनगर स्थित उनके कार्यालय में मिला।
उन्होंने मसोग-टिहरी-जदरौन सड़क की खस्ताहालत को लेकर बात की। प्रतिनिधिमंडल ने एक मांगपत्र भी सौंपा। ग्रामीणों ने पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर को बताया कि संपर्क मार्ग की हालत खस्ता बनी हुई है। इस वजह से गांव माहला चोरट, घेहरा, घीड़ी सहित अन्य गांव के लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।
पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने समस्त ग्रामीणों की बात को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने तुरंत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क मार्ग की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। ग्रामीणों को समस्या के जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रधान टिहरी सुखराम, चलेहली गांव से जय सिंह, कुन गांव से श्याम लाल और सोनू, चोरट गांव के हरि सिंह, जीतराम, लेखराम, घेरा गांव श्याम लाल, सोहन लाल और रड़ा गांव से ख्याली राम और लक्ष्मण मौजूद रहे। संवाद