सराची-मंडी रूट की बस में सवारियों ने 1100 नंबर पर की थी शिकायत
ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप की भी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। सराची से मंडी जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में यात्रियों के टिकट न काटने की शिकायत के बाद निगम प्रबंधन हरकत में आ गया। सवारियों ने मामले की शिकायत 1100 नंबर पर की, जिसके बाद निगम ने तत्काल बस निरीक्षक को मौके पर भेजकर औचक जांच करवाई। शिकायत के बाद परिचालक की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
मामले में टिकट जारी करने में लापरवाही के आरोपों के साथ परिचालक के ड्यूटी के दौरान नशे में होने की शिकायत की भी जांच की जा रही है। निगम प्रबंधन ने परिचालक को मेडिकल जांच के लिए मंडी भेजा, जहां उसका मेडिकल करवाया गया। अब मेडिकल रिपोर्ट और विभागीय जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पियूष शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यात्रियों से किराया लेने के बाद टिकट जारी करना परिचालक की अनिवार्य जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करता है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर परिचालक के निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ड्यूटी के दौरान शराब के सेवन की पुष्टि होने पर परिचालक के खिलाफ अतिरिक्त विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल निगम की मेडिकल और विभागीय जांच रिपोर्ट का इंतजार है।