टीम ने लैब का किया निरीक्षण, पठन पाठन का स्तर जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोहर में निरीक्षण के दौरान हर्बल गार्डन संतोषजनक नहीं पाया गया। स्कूल मुखिया को हर्बल गार्डन में सुधार करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से नोडल आफिसर की अगुवाई में पहुंची टीम ने पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने शिक्षा की गुणवत्ता, साइंस लैब, स्मार्ट क्लासरूम, इंटरनेट, रोबोटिक लैब अटल टिंकरिंग लैब के ढांचे को परखा। ईको एवं यूथ क्लब की गतिविधियों की भी जानकारी हासिल की।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत पीएमश्री पाठशालाओं में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। 60 हजार रुपये इन पाठशालाओं में हर्बल गार्डन विकसित करने के लिए उपलब्ध करवाए जाते हैं। देखने में आया है कि पाठशालाओं में हर्बल गार्डन के नाम पर कुछ पौधों को लगाया गया है। नोडल आफिसर की अगुवाई में टीम ने पाठशाला में साइंस लैब, लाइब्रेरी, डिजिटल उपकरण, खेल सामग्री और अन्य बुनियादी ढांचे की उपलब्धता और स्थिति को जांचा।
इसके अलावा पठन-पाठन का स्तर भी जांचा। इस दौरान विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों से सवाल भी किए। विद्यार्थियों से पीएमश्री पाठशालाओं के वातावरण को लेकर भी बात की। निरीक्षण टीम में शामिल नोडल अधिकारी धर्मवीर राणा ने बताया कि पाठशाला में पठन-पाठन का स्तर संतोषजनक पाया गया है। हर्बल गार्डन के विस्तार को लेकर निर्देश दिए हैं।