सरकाघाट क्षेत्र की कलखर-ढलवाहण वाया पटड़ीघाट सड़क पर बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ डंगा।
- फोटो : Mandi
पटड़ीघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की कलखर-ढलवाहण सड़क पर डंगा ढहने से मार्ग बंद होने की कगार पर है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे लोगों में रोष है। इस रूट पर चलने वाली बसों में बैठी सवारियों को क्षतिग्रस्त भाग पर उतार दिया जाता है।
बस चालकों का कहना है कि सड़क पर शीलह और पन्यारटू के पास सड़क का डंगा ढह गया है। इससे गुजरना खतरे से खाली नहीं है। पंचायत प्रधान पटड़ीघाट विधि चंद, उपप्रधान बीरी सिंह, नीलमणी, राज कुमार, मनोज, हेत राम, खूब राम, राम प्यारी, जगत राम, डुमनु राम, भीमा देवी, श्याम लाल, भरत कुमार, जीत राम, प्रेमा राम, ललिता देवी आदि का कहना है कि कुछ दिन पूर्व बारिश के कारण सड़क का डंगा गिर गया है।
लोक निर्माण विभाग को सूचित किया लेकिन छोटा सा डंगा लगाकर खानापूर्ति कर ली। डंगे के न लगने से सड़क जगह-जगह से धंस रही है। बस चालकों को सवारियों को उतार कर बस निकालनी पड़ रही है ताकि कोई हादसा न हो। लोगों का कहना है कि सड़क की खस्ता हालत होने से यह बंद हो सकती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को चेताया है कि यदि शीघ्र सड़क की हालत नहीं सुधारी तो विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता विनोद शर्मा ने बताया कि इस बारे में सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को क्षतिग्रस्त स्थान पर डंगा लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। शीलह नामक स्थान में क्षतिग्रस्त सड़क पर डंगा लगाया जा रहा है। अगर सड़क को खोलने के लिए जगह होगी तो सड़क को चौड़ा भी किया जाएगा।
000