नगर परिषद सुंदरनगर के वार्ड नंबर चार में डेंटल कॉलेज के पास गिरा पुल का ब्लॉक। स्त्रोत: जागरूक
सुंदरनगर (मंडी)। शहर के वार्ड 4 में डेंटल कॉलेज के पास पुल का एक हिस्सा (ब्लॉक) मंगलवार को एलपीजी गैस सिलिंडरों से भरा ट्रैक्टर गुजरते ही अचानक गिर गया। घटना में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हादसे के बाद पुल से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
स्थानीय निवासी अजीत, विमल और सुनील ने बताया कि ट्रैक्टर के गुजरते ही आधा पुल भरभराकर नीचे गिर गया। जिस तरह ट्रैक्टर गैस सिलिंडरों से लदा था, उससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। लोगों का आरोप है कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि वार्ड नंबर-4 के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में जो भी रास्ते और पुल बने हैं, वे कुछ ही वर्षों में जर्जर हो गए हैं।
वार्ड के पार्षद शिव सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह ब्लॉक नगर परिषद की ओर से लगवाया गया था। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में हुए अधिकांश निर्माण कार्य संदेह के घेरे में हैं। इससे पहले डढयाल में पुल के पास लगाया गया डंगा भी गिर चुका है। पुल का ब्लॉक गिरने के बाद अब लोगों और वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
.....
मामला ध्यान में आ गया है। पुल का ब्लॉक क्यों और कैसे गिरा, इसकी जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-ललित कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुंदरनगर
000