माता शैलपुत्री की पूजा और कलश स्थापना के साथ होगा नवरात्र उत्सव का आगाज
बज्रेश्वरी मंदिर को दिल्ली से मंगवाए विशेष फूलों से सजाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सांस्कृतिक नगरी मंडी में शारदीय नवरात्र उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। नवरात्र के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना, शृंगार, महाभोग, कलश स्थापना और हवन-पाठ के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा।
माता श्यामा काली (टारना), माता भीमाकाली, महाकाली, चतुर्भुजा, शीतला माता, चिंतपूर्णी, बज्रेश्वरी और एकादश रुद्र मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। स्कूल बाजार स्थित माता काली चामुंडा मंदिर में श्री देवी भागवत कथा का आयोजन होगा। मंदिर समिति के प्रधान सुंदरलाल के अनुसार, सुबह 11 बजे पुरानी मंडी से स्कूल बाजार तक कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद कथा शुरू होगी। वहीं, माता बज्रेश्वरी मंदिर में प्रतिदिन सुबह 6 बजे और शाम 7 बजे आरती होगी तथा नौ दिनों तक भजन-कीर्तन होंगे।
सेरी बाजार स्थित माता सिद्धकाली मंदिर के पुजारी जगदीश ने बताया कि मंदिर के कपाट प्रतिदिन सुबह 5 बजे खुलेंगे। नवरात्र के दौरान शहर में भक्तिमय माहौल रहेगा।