जोगिंद्रनगर (मंडी)। चंडीगढ़ से चिट्टा लाकर जोगिंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में बेचने वाले तीन आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को सप्लाई नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चंडीगढ़ से कम दाम पर चिट्टा खरीदकर यहां महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब उन बड़े सप्लायरों तक पहुंचने में जुटी है, जिनसे आरोपियों के संपर्क होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 7.49 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में उनके नशा कारोबार से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों की पहले भी चिट्टे के कारोबार में संलिप्तता रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे कब से इस धंधे में सक्रिय थे और उनके संपर्क में कितने लोग थे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के बड़े सप्लायरों तक पहुंचने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।