मंडी। थलौट से पंजाई सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी है। इससे पंजाई के सेब उत्पादन क्षेत्र के बागवानों को राहत मिलेगी। वे अपनी फसल को आसानी से मंडियों तक पहुंचा पाएंगे।
पंजाई से थाची सड़क पर बहाली का कार्य जारी है, लेकिन पनाला के पास सड़क पूरी तरह बह जाने के कारण कार्य चुनौतीपूर्ण है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस सड़क को एक सप्ताह में खोल दिया जाएगा। फिलहाल थाची क्षेत्र के किसान अपनी फसल को वाया शैट्टाधार-लंबाथाच-थुनाग मार्ग से मंडियों तक पहुंचा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग थलौट के सहायक अभियंता भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि बालीचौकी से सुधरानी सड़क पर भी दिन-रात कार्य किया जा रहा है। चार दिन में यह मार्ग भी बहाल कर दिया जाएगा। बसाण से सोमगढ़ वाया च्योड़ी सड़क को भी तीन दिनों के भीतर खोलने का लक्ष्य रखा गया है। संवाद