पति-पत्नी के बीच तनाव की बात सामने आई, मोबाइल फोन की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात, सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की पड़ताल जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। चैलचौक में शुक्रवार सुबह 25 वर्षीय महिला मनीषा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किराये के कमरे में रह रही मनीषा का शव उसके पति मुस्ताक उल अली को फंदे से लटका मिला। घटना के समय मुस्ताक सामान लेने बाजार गया था। लौटने पर कमरे का दरवाजा खोलते ही शव देखकर उसने पुलिस को सूचना दी।
मनीषा बिहार की रहने वाली थी और पति के साथ चैलचौक में रहती थी। मुस्ताक दर्जी का काम करता है और भागलपुर जिले के नारायणपुर गांव का निवासी है। सूचना मिलते ही गोहर पुलिस टीम थाना प्रभारी देवराज ठाकुर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में फंदा लगाने से मौत की बात सामने आई है लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है।
जांच में पति-पत्नी के बीच तनाव का पहलू सामने आया है। पुलिस महिला के मोबाइल की डिटेल खंगालने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गोहर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।