लडभड़ोल (मंडी)। मकरीड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत लांगणा में आठ दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। ऐसे में ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी की किल्लत से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। लांगणा के दामोदर सिंह, हरि सिंह, रणवीर सिंह, मेघ सिंह, राजमल, प्रवीण कुमार, गोविंद राम, राजकुमार, मीना देवी, लता देवी और विमला देवी ने बताया कि नल सूखे पड़े हैंं। इससे दैनिक जरूरतों के लिए पानी की तलाश में दर-दर भटकना पड़ रहा है।
दूरदराज के क्षेत्रों से पानी ढोकर लाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है, जिससे विशेषकर महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों ने केवल आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लिया है, जबकि धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उधर ग्राम पंचायत लांगणा के प्रधान चंद्रमणि राणा ने बताया कि जल शक्ति विभाग को इस समस्या से कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन विभाग अभी तक इसका हल नहीं निकाल पाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
मामले को लेकर जल शक्ति विभाग उपमंडल लडभड़ोल के कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी। संवाद