संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बीएसएल प्रोजेक्ट सुंदरनगर में शुक्रवार को स्वच्छता-थीम वाले सेल्फी बूथ लगाए गए। बीएसएल सुंदरनगर के चीफ इंजीनियर के मुख्य कार्यालय तथा परियोजना के स्कूलों में आकर्षक सेल्फी बूथ स्थापित किए गए। इन बूथों का उद्देश्य कर्मचारियों और स्कूली बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छता की आदतों को विकसित करना है।
शुक्रवार सुबह से ही कार्यालयों और स्कूलों में इन सेल्फी बूथों को लेकर काफी उत्साह देखा गया। कर्मचारियों और बच्चों ने बड़ी संख्या में तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। चीफ इंजीनियर बीएस नारा और डिप्टी चीफ इंजीनियर कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पखवाड़े के दौरान और भी प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि नई पीढ़ी में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।