जोगिंद्रनगर अस्पताल में बंद पड़ी शल्य चिकित्सा ओपीडी। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के एकमात्र शल्य विशेषज्ञ चिकित्सक के अवकाश पर जाने के चलते अब मरीजों को करीब दो सप्ताह तक शल्य चिकित्सा की सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। पुराने मरीजों को दी गई तिथियां भी चिकित्सक के अवकाश तक स्थगित हो गई हैं। वहीं, नए मरीजों को भी आगामी दो सप्ताह के लिए मंडी और कांगड़ा के अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ेगी।
100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में हर्निया, पथरी, अपेंडिक्स और अन्य बीमारियों के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में एक ही सर्जन तैनात है। जो अब करीब दो सप्ताह के लिए अवकाश पर चले गए हैं। अब उनके लौटने तक अस्पताल में ओपीडी बंद रहेगी और ऑपरेशन भी नहीं हो सकेंगे। उपमंडल के किसी भी अन्य सरकारी संस्थान में विशेषज्ञ सर्जन नहीं हैं।
ऐसे में हर्निया, पत्थरी, अपेंडिक्स के मरीजाें को अगर आपात समय में स्थानीय अस्पताल में शल्य चिकित्सा करवानी होगी तो यह सुविधा नहीं मिल पाएगी। उधर, अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने बताया कि शल्य विशेषज्ञ चिकित्सक के अवकाश से लौटते ही मरीजों के ऑपरेशन शुरू हो जाएंगे। उनके अवकाश तक अस्पताल में मरीजों को हरसंभव सुविधा मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा।
जोगिंद्रनगर अस्पताल में बंद पड़ी शल्य चिकित्सा ओपीडी। संवाद