नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल-आधारित शिक्षा उपलब्ध होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुमन कुमारी कटोच ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ऑनर्स और ऑनर्स विद रिसर्च पाठ्यक्रमों के साथ इस कार्यक्रम को लागू करने की स्वीकृति प्रदान की है।
प्रदेश के 136 सरकारी कॉलेजों में से केवल 26 संस्थानों को इस सत्र में यह कार्यक्रम संचालित करने की अनुमति मिली है। मंडी जिला में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर सहित केवल चार कॉलेजों को यह स्वीकृति प्राप्त हुई है, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
प्राचार्य ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अधिक शैक्षणिक लचीलापन, बहुविषयक अध्ययन, शोध के अवसर तथा कौशल-आधारित शिक्षा उपलब्ध कराएगा। इसके अंतर्गत कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर बेहतर कॅरिअर विकल्प प्राप्त कर सकेंगे। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम जनता से आग्रह किया है कि वे 20 जून से पहले कॉलेज पहुंचकर प्रवेश, पाठ्यक्रम संरचना और विषय विकल्पों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करें। इसके लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है, जिसके तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को परामर्श सत्र, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्राचार्य डॉ. सुमन कटोच ने कहा कि चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम की शुरुआत से क्षेत्र में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, पहुंच और प्रासंगिकता को नई दिशा मिलेगी तथा यह कॉलेज की शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।