जूडो एशिया कप में स्वर्ण पदक के साथ ओलंपियन आशीष चौधरी की धर्मपत्नी इनूंगनबी। स्रोत : परिजन
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के जरल निवासी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं ओलंपियन आशीष चौधरी की धर्मपत्नी इनूंगनबी ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आयोजित एशियाई ओपन जूडो चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 70 किलोग्राम महिला वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने मिस्र की खिलाड़ी को फाइनल में पराजित किया है।
इनूंगनबी के लिए यह पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक है। इससे पहले वह 2019 में बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में वह हरियाणा की ओर से खेलते हुए ओलंपियन खिलाड़ी गरिमा को हराकर नेशनल चैंपियन बनी थीं। इनूंगनबी मूल रूप से मणिपुर के इम्फाल ईस्ट के टाइगर कैंप गांव की निवासी हैं और विवाह के बाद से सुंदरनगर की बहू हैं।
उनके पति आशीष चौधरी ने कहा कि यह हिमाचल की महिलाओं के लिए जूडो खेल में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने का ऐतिहासिक क्षण है। आशीष के कोच नरेश कुमार ने इस जीत पर दंपत्ति को बधाई दी और कहा कि उनकी वापसी पर सुंदरनगर में जश्न का माहौल रहेगा।