जोगिंद्रनगर कॉलेज में आयोजित नशा मुक्ति अभियान में विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर कॉलेज में शनिवार को नशा मुक्ति समिति, एनसीसी, एनएसएस तथा रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारी सेंटर ढेलू से आए खेम सिंह, पल्लवी, पद्मा और अंजना ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
प्राचार्य प्रो. प्रकाश चंद चौहान ने बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव और इससे बचाव के उपाय बताए। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।