हादसे के बाद चालक वाहन समेत भागा, दो दिन में इसी क्षेत्र में दूसरी मौत से बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
नगवाईं (मंडी)। मंडी-कुल्लू फोरलेन पर नगवाईं अस्पताल के समीप शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से नेपाल निवासी रत्न बहादुर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। दो दिन के भीतर इसी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से दूसरी मौत होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नगवाईं अस्पताल के पास सड़क किनारे रत्न बहादुर खून से लथपथ हालत में मिले। सूचना पर औट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों नरेंद्र सिंह, कुलदीप राज व अन्य ने बताया कि फोरलेन बनने के बाद नगवाईं अस्पताल के आसपास तेज रफ्तार वाहनों से हादसों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से यहां सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। बता दें कि दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।