सराज कॉलेज में सिर्फ सात विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
कॉलेज में साइंस के शिक्षकों 7 पद रिक्त होने के कारण दूसरा संकाय चुन रहे विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। लंबाथाच स्थित सराज डिग्री काॅलेज में नवीनतम आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि विद्यार्थियों का साइंस स्ट्रीम की ओर रुझान बेहद कम है। कॉलेज में वर्तमान सत्र के लिए पंजीकृत 360 छात्रों में से साइंस (मेडिकल) स्ट्रीम में केवल 7 छात्रों ने दाखिला लिया है, जिसमें प्रथम वर्ष में मात्र दो, द्वितीय वर्ष में तीन और तृतीय वर्ष में दो छात्र शामिल हैं।
इसके विपरीत, आर्ट्स संकाय में 342 और कॉमर्स में 11 छात्रों ने दाखिला लिया है। साइंस संकाय की उपेक्षा का कारण कॉलेज में लंबे समय से रिक्त पड़े शिक्षकों के सात पद हैं, जिसमें अंग्रेजी के दो, भूगोल, शारीरिक शिक्षा, कॉमर्स, रसायन विज्ञान और गणित में एक एक पद शामिल हैं। छात्र आयुष, अजय सिंह ने बताया शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों को उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। कॉलेज में साइंस लैब की अनुपस्थिति और भवन निर्माण में देरी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे व्यावहारिक शिक्षा पूरी तरह ठप है। अभिभावक ज्ञान चंद ने चिंता जताते हुए कहा, बच्चों को साइंस की बेसिक समझ नहीं मिल रही, जिसके कारण वे इस स्ट्रीम से दूर हो रहे हैं।
कॉलेज से सटे स्कूलों में भी साइंस स्ट्रीम के प्रति बच्चों का रुझान न होना चिंता का विषय है। सेवानिवृत्त स्कूल प्रिंसिपल वीर सिंह का मानना है कि कमजोर प्रारंभिक शिक्षा इसकी जड़ है, जहां विज्ञान को प्राथमिकता नहीं दी जाती। एसपीयू ने एडमिशन तिथि को बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है, ताकि अधिक छात्र दाखिला ले सकें। हालांकि, स्थानीय अभिभावक और शिक्षक संगठन सरकार से मांग कर रहे हैं कि शिक्षक नियुक्ति, लैब निर्माण और बुनियादी शिक्षा में सुधार के तत्काल कदम उठाए जाएं।
वीर सिंह ने सुझाव दिया, सरकार को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित शिक्षकों की भर्ती और लैब सुविधा पर ध्यान देना चाहिए। अभिभावक नंद लाल ने कहा कि कॉलेज में बच्चों का भविष्य दांव पर है। साइंस स्ट्रीम को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस योजना की जरूरत है। अभिभावक चंद्रमणि ने बच्चों माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों को साइंस की ओर प्रेरित करें, लेकिन इसके लिए बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य हैं। क्षेत्र के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है। संवाद
बाक्स
शिक्षकों के रिक्त पड़े पदों की जानकारी सरकार को दे दी गई है। यहां पर बहुत अच्छा शैक्षणिक वातावरण है, अभी एडमिशन 15 जुलाई तक चलेगी।- प्रोफेसर विक्रम सिंह ठाकुर, प्रिंसिपल