जोगिंद्रनगर (मंडी)। पीएम श्री राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कन्या जोगिंद्रनगर में शनिवार को रंगोत्सव महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा खंड चौंतड़ा प्रथम, चौंतड़ा द्वितीय, द्रंग प्रथम तथा द्रंग द्वितीय के लगभग 25 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव में पोस्टर मेकिंग, सुलेख और लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। पोस्टर मेकिंग में द्रंग प्रथम की खुशी ने प्रथम और चौंतड़ा प्रथम के अक्षय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सुलेख प्रतियोगिता में द्रंग प्रथम की दिव्यांशी प्रथम और द्रंग द्वितीय की रुही द्वितीय रहीं। लोक नृत्य में द्रंग प्रथम की अंशिका और आराध्य ने प्रथम तथा चौंतड़ा प्रथम की दिव्या ठाकुर और शिवांग ठाकुर ने द्वितीय स्थान जीते।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डीएवी पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर के संगीत शिक्षक प्रकाश चंद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल की संगीत शिक्षिका मृदुला और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी द्रंग प्रथम अंजू कश्यप ने किया। इस अवसर पर गोपाल यादव, अंजू कश्यप, राजू राम, उषा रानी, कीर्ति नंदन शर्मा और अन्य उपस्थित रहे।