जोगिंद्रनगर अस्पताल में उपचाराधीन कॉलेज छात्रा।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजकीय कॉलेज जोगिंद्रनगर से घर जा रही छात्रा शहर में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। वार्ड की पार्षद और एक अन्य महिला ने उसे उठाया और अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने छात्रा की तबीयत को देखते हुए उसे सीसीयू में दाखिल कर लिया है। छात्रा की हालत अब ठीक है। कमेहड गांव की छात्रा तनीशा (19) कॉलेज से घर जा रही थी। सायं करीब पांच बजे पुराने पंजाब नेशनल बैंक के समीप वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद शिखा और कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारी रेखा ने छात्रा को अन्य लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
छात्रा ने बताया कि वह पुस्तकालय से बस अड्डे के लिए निकली तो अचानक उसे सीने में जोर का दर्द उठा और वह सड़क पर गिर पड़ी।
देर शाम तक छात्रा के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने लोगों का छात्रा की देखरेख के लिए आभार जताया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की तबीयत में सुधार है, जल्द ही उसे छुट्टी दे दी जाएगी। संवाद