मंडी/जोगिंद्रनगर। जिला प्रशासन की नदी, खड्डों और नालों से दूरी बनाने की एडवाइजरी के बावजूद कई लोग जान जोखिम में डालकर नहाने पहुंच रहे हैं।
पिछले एक माह में खड्ड में नहाने गए तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद जोगिंद्रनगर उपमंडल की खड्डों में सख्ती के नियम गोते खा रहे हैं।
नदी, नालों और खड्डों में न जाने को लेकर उपायुक्त की ओर से एक माह पहले एडवाइजरी जारी की गई है।
इसमें सभी एसडीएम और पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया है कि वह लोगों को जागरूक करें। नदी और खड्डों पर लोगों की आवाजाही पर नजर रखें। मौजूदा समय में जिला प्रशासन के आदेशों का पालन करवाने को लेकर पंचायत प्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी भी गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि जून माह में आसमान से आग की तरह बरस रही धूप से राहत पाने के लिए इन दिनों क्षेत्र की खड्डों में काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
लोग मौज मस्ती के चक्कर में अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं। उधर, एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की खड्डों में अठखेलियां कर रहे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।