सुंदरनगर के रोपड़ी में मंगलवार रात चोरों ने सेंध लगा चोरी किए कार के टायर संवाद
- फोटो : Mandi
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के रोपड़ी गांव में चोरों ने व्यापारी के स्टोर से करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी कर लिया। यह वारदात मंगलवार रात अंजाम दी गई।
सुबह जब व्यापारी स्टोर गया तो ताला टूटा मिला। जांच करने पर बाहर खड़ी कार से चारों टायर, जैक और अंदर जूतों के बॉक्स गायब मिले। इस घटना की व्यापारी ने थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। रोपड़ी निवासी लालमन वर्मा सुंदरनगर के भोजपुर बाजार में जूतों का व्यापार करते हैं। घर के पास पुराने घर में बनाए स्टोर में चोरों ने सेंध लगाई। इस दौरान चोरों ने स्टोर में रखे करीब एक लाख मूल्य के जूतों से भरे बॉक्स चुरा लिए और बाहर खड़ी कार के चारों टायर और जैक इत्यादि चुरा लिए। चोरों ने कार की सीटें और शीशे भी क्षतिग्रस्त किए। उन्हाेंने थाना सुंदरनगर में वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। लालमन ने बताया इस वारदात में उसका करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी हुआ है।
सुकेत व्यापार मंडल के संयोजक सुरेश कौशल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की जल्द से जल्द धरपकड़ कर व्यापारी का माल बरामद कर उसे राहत प्रदान की जाए। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया पुलिस ने मौका पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।