गोहर (मंडी)। स्वास्थ्य खंड बगस्याड के गोहर क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक क्षेत्र में कुल 210 मरीज सामने आए हैं, जबकि 47 मामले अभी भी सक्रिय हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों दाड़ी गांव के एक 27 वर्षीय युवक की पीलिया से मौत हो गई, जिससे भय और बढ़ गया है। इसके बावजूद रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति विभाग पीलिया को रोकने के लिए सक्रिय हैं। जल शक्ति विभाग ने खुले में सीवरेज छोड़ने वालों को नोटिस जारी किए और पानी के टैंकों की सफाई, सुपर क्लोरीनेशन, ब्लीचिंग और रैंडम सैंपलिंग की है। प्रारंभिक नमूनों में कुछ स्वास्थ्य विभाग के नमूने फेल पाए गए, जबकि जल शक्ति विभाग के नमूने पास रहे। इसके बाद दोनों विभागों ने संयुक्त सैंपलिंग की, जिसमें पानी के नमूने पास पाए गए।
वहीं, बीएमओ बगस्याड डॉ. राकेश रोशन ने बताया कि पीलिया के रोजाना नए मामले आ रहे हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि विभाग संक्रमण रोकने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए हर स्थिति पर नजर रखे हुए है।