42 अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताएं होंगी
खेल परिषद का नाम बदलकर खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधि परिषद किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की वार्षिक आम सभा के दूसरे दिन खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। आगामी सत्र में पुरुष और महिला वर्ग में 21 खेलों की 42 अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, विश्वविद्यालय खेल परिषद का नाम बदलकर सरदार पटेल विश्वविद्यालय खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधि परिषद करने का निर्णय लिया गया है। अब परिषद के दायरे में खेलों के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी शामिल होंगी।
बैठक में विश्वविद्यालय की खेल सूचना एवं मार्गदर्शिका को भी मंजूरी दी गई। इसमें खेल प्रतियोगिताओं के नियम, प्रक्रियाएं और अन्य व्यवस्थाएं शामिल रहेंगी। बैठक में स्पोर्ट्स एंड को-करिकुलर एक्टिविटीज काउंसिल की नई कार्यकारी परिषद का गठन किया गया। राजकीय महाविद्यालय सैंज की प्राचार्य डॉ. सुजाता को अध्यक्ष और एमएलएसएम कॉलेज के सहायक आचार्य लोकेश शर्मा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यकारी परिषद में डॉ. देविका वैद्य, डॉ. निशा वैद्य, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. ज्योति बाला, डॉ. कमलेश गौतम और डॉ. अंजू पाठक को सदस्य बनाया गया।