नाले के रास्ते भीतर घुसे चोर, न्यूज एजेंसी और मिठाई की दुकान को बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। शहर के व्यस्त सुंदरनगर बस स्टैंड में चोरों ने देर रात दो दुकानों में सेंध लगाकर करीब 28 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने नाले की तरफ से दुकानों की दीवार तोड़कर और लोहे की टीन की चादर काटकर वारदात को अंजाम दिया। निशाने पर एक न्यूज एजेंसी और मिठाई की दुकान रही।
दुकानदारों के अनुसार दोनों दुकानों के गल्लों से कुल करीब 28 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। चोरों ने मुख्य सड़क की ओर से प्रवेश करने के बजाय पीछे नाले की तरफ से रास्ता बनाया। पहले पक्की ईंट की दीवार में सेंध लगाई और फिर लोहे की शीट काटकर दुकानों के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गल्ले खंगालकर नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटी दीवार और बिखरा सामान देखकर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। चोरों ने बस स्टैंड से सटे एक सर्विस स्टेशन की दीवार को भी नुकसान पहुंचाया, लेकिन वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है। बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात से व्यापारियों में रोष है। वहीं, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।