मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से ली गई अतिरिक्त फीस को लौटाना शुरू कर दिया है। सोमवार को विद्यार्थियों के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर होना शुरू हो गए हैं। विद्यार्थियों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था, इसके बाद एसपीयू प्रशासन हरकत में आया। सोमवार से विद्यार्थियों के बैंक खातों में अतिरिक्त परीक्षा शुल्क को लौटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दो रोज पूर्व शुल्क को लौटाने के लिए प्रदर्शन भी किया था।
विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रों से वसूली गई दोगुना परीक्षा शुल्क वापस करने की मांग कर रहा था। परीक्षा शुल्क वापस होने से विश्वविद्यालय के छात्रों में खुशी की लहर है।
दरअसल सरदार पटेल विश्व विद्यालय में दाखिले के दौरान भी छात्रों से परीक्षा शुल्क लिया गया। छह माह बाद परीक्षा से पहले दोबारा विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क वसूल किया गया। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए वित्त शाखा को निर्देश जारी किए थे। इस कारण छात्रों के बैंक खाते में अतिरिक्त परीक्षा शुल्क को रिफंड करने की प्रक्रिया शुरू हो पाई है। संवाद