जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर के ऐहजू में कॉलेज छात्रा से छीना झपटी करने के मामले में पीड़ित छात्रा ने शनिवार को सिविल जज के सामने आरोपियों की शिनाख्त की। इस दौरान छात्रा ने तीनों आरोपियों को पहचानते हुए न्यायालय से मांग की कि इन्हें फांसी दी जाए।
शनिवार दोपहर बाद जोगिंद्रनगर की सिविल जज के साथ युवती अपने परिजनों समेत आरोपियों की शिनाख्त करने सब जेल मंडी पहुंची थी। इस दौरान क्रम बार खड़े कुल 10 आरोपियों में से पीड़िता ने तीनों आरोपियों को पहचाना है। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने सिविल जज की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई।
जांच अधिकारी अजय ने बताया कि स्थानीय न्यायाधीश की मौजूदगी में आरोपियों की शिनाख्त परेड कर ली गई है। आरोपी पहली अगस्त तक न्यायिक हिरासत में सब जेल मंडी में रहेंगे। इसके बाद स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड हासिल करेंगे।
बता दें कि मंडी जिला के जोगिंद्रनगर और जिला कांगड़ा के पालमपुर में भी तीन आरोपियों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। जोगिंद्रनगर और पालमपुर पुलिस थाने में आरोपी अर्पित सिंह, सनमप्रीत सिंह और कुलविंद्र सिंह निवासी दुहेबाला, डाकघर रोपण, तहसील गीदड़बाहा, जिला श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब के रूप में हुई है।
शनिवार को अपनी बेटी के साथ सब जेल मंडी पहुंची माता निशा ने बताया कि बैजनाथ सिविल अस्पताल में उपचार और इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस थाने और न्यायालय के चक्कर काटने के लिए भी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। पिता अमरनाथ ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से भी आर्थिक सहायता और बेटी को जल्द इंसाफ दिलाने की गुहार भी लगाई।