डीएसपी ने बांटे पुरस्कार, विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरकाघाट में आयोजित दो दिवसीय उपमंडलीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन हुआ। समापन समारोह में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) संजीव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
दो दिनों तक चली विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता व वैज्ञानिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गणित क्विज में स्मृति सोनी, मीनाक्षी और अक्षर ने अपने-अपने वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। गणित ओलंपियाड व विज्ञान प्रतियोगिता में आठवीं से मयंक, दसवीं से तमन्ना और जमा दो वर्ग से सुनैना ने बाजी मारी।
विज्ञान गतिविधि प्रतियोगिता में शगुन, पीयूष और सक्षम, प्रांजल व चांदनी की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मॉडल प्रतियोगिता में आठवीं वर्ग में ज्योति और जमा एक वर्ग में विकेश के मॉडल पहले स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि डीएसपी संजीव गौतम ने विजेताओं को बधाई देते हुए दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, रचनात्मकता को निखारने और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाजहित में करने के लिए प्रेरित किया।