सरकाघाट (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में सोमवार को पर्यटन एवं यात्रा विभाग ने ग्रामीण परिवर्तन, कौशल विकास एवं उद्यमिता विषय को लेकर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में एसपीयू मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में कौशल आधारित शिक्षा और उद्यमिता की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को नवाचार, तकनीक और स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग की दिशा में कार्य करने का संदेश दिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉॅ. आरआर कौंडल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों, संस्थानों व उद्योगों से करीब 190 शोधकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने अपने शोधपत्र प्रस्तुत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सामाजिक परिवर्तन, पर्यटन, शिक्षा तथा उद्यमिता के विविध पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम संयोजक प्रो. डॉ. अरुण शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण भारत की आवश्यकताओं के अनुरूप नई नीतियों और नवाचारों के लिए एक संवादात्मक मंच प्रदान करना है। संवाद