मंडी। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अप्रैल में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट में कई उत्पाद मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। जांच में शक्कर, काजू, उड़द बड़ी और प्रोटीन क्यूब को मिस ब्रांडेड पाया गया है। पनीर और मिल्क केक के नमूने सब स्टैंडर्ड पाए गए हैं। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अप्रैल के दौरान पधर, धनोटू और सुंदरनगर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। प्रयोगशाला जांच में पैक्ड शक्कर, काजू और उड़द बड़ी के नमूने मिस ब्रांडेड पाए गए। वहीं, पनीर और मिल्क केक निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम पाए जाने पर इन्हें सब स्टैंडर्ड घोषित किया गया है। प्रोटीन क्यूब का नमूना सब स्टैंडर्ड होने के साथ मिस ब्रांडेड भी पाया गया। शक्कर में रंग की मिलावट पाए जाने के कारण यह सैंपल लैब रिपोर्ट में असुरक्षित बताया गया है।
उधर, खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुंदरनगर क्षेत्र में निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य तेल के भी दो नमूने लिए हैं। विभाग ने तीन पेटियों में रखी कुल 31 बोतलों से नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि जिन खाद्य पदार्थों के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, उनके संबंध में संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।