मंडी। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। दो दिनों में विभागीय टीमों ने नेरचौक और कोटली से मिठाइयों के सात सैंपल भरे। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। लैब रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
विभागीय टीम ने त्योहारी सीजन में निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर टीम ने नेरचौक में गुलाब जामुन, रसगुल्ला और देसी घी का एक-एक सैंपल भरा। इसके अलावा कोटली में विभागीय टीम ने बूंदी, खोया, मिल्क केक, रसगुल्ला का एक-एक सैंपल भरा। कंडाघाट स्थित लैब में इनकी जांच के बाद रिपोर्ट मिलेगी। इसी के अनुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।
उधर, विभागीय सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ता जांच परख कर ही मिठाइयां या अन्य खाद्य सामग्री खरीदें। किसी भी तरह की शंका या शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें। एक्सपायरी तिथि जरूर जांचे। कहा कि त्योहारी सीजन के बीच विभागीय टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और एहतियातन सैंपल भी भर रही हैं। अगर किसी के पास कोई सूचना है तो विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।