सुबह 10 बजे तक 21 सड़कें थीं बंद, शाम चार बजे जारी रिपोर्ट में राहत
बिजली और पेयजल सेवाएं पूरी तरह सामान्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले में बारिश के बीच राहत की खबर है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) मंडी की मंगलवार शाम चार बजे जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार सुबह 10 बजे तक बंद 21 सड़कों में से सात मार्ग बहाल कर दिए गए हैं। अब जिले में 14 सड़कें ही बंद हैं। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने का काम लगातार जारी है।
रिपोर्ट के अनुसार सुबह 10 बजे सराज मंडल में छह और थलौट मंडल में 15 सड़कें बंद थीं। शाम चार बजे तक सराज मंडल में एक सड़क बहाल होने के बाद पांच सड़कें अभी भी बंद हैं। वहीं, थलौट मंडल में छह मार्गों के खुलने के बाद अब नौ सड़कें बंद हैं।
जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पूरी तरह सुचारु हैं। हालांकि, एमडीआर की तीन और ग्रामीण क्षेत्रों की 11 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। राहत की बात यह है कि बारिश से बिजली और पेयजल सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। सुबह 10 बजे की स्थिति की तरह शाम चार बजे तक भी किसी विद्युत ट्रांसफार्मर (डीटीआर) के बाधित होने की सूचना नहीं है। उधर, डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।