मंडी के पड्डल मैदान में खेली जा रही शिवरात्रि क्रिकेट लीग में रन लेने के लिए दौड़ते बल्लेबाज।
मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पड्डल मैदान में आयोजित की जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को घट्टा एकादश और रायल फ्रेंड्स के बीच पहला मैच खेला गया। घट्टा एकादश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए। शुभम ने 30 रन तथा दिग्विजय ने 26 रनों का योगदान दिया। रायल फ्रेंड्स के राकेश ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी रायल फ्रेंड्स की टीम 81 रनों पर ऑलआउट हो गई। विजय ने 22 रन तथा महेश ने 19 रन बनाए। घट्टा के तुषार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। घट्टा एकादश ने 16 रन से मैच जीत लिया।
दूसरा मैच रामनगर एकादश और एसडीआरएफ पंडोह के बीच खेला गया। एसडीआरएफ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। शुभम ने 27 रन तथा विशाल ने 21 रन बनाए। राम नगर की टीम 92 रन ही बना पाई। एसडीआरएफ ने 35 रन से मैच में जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
आयोजक राजेंद्र राजा ने बताया कि दिन का तीसरा मैच स्वास्थ्य विभाग और उपायुक्त एकादश के बीच खेला गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 34 रन बनाए। उपायुक्त एकादश की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए बंटी ने तीन और राजेश ने दो विकेट हासिल किए। उपायुक्त एकादश की टीम ने एक विकेट खो कर जीत के लिए जरूरी लक्ष्य को हासिल कर मैच जीत लिया। संवाद