मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को मंडी सदर विस क्षेत्र के कोटली में 80 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। जनता की मांग पर कोटली में एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की। नवगठित चार पंचायतों में भवनों के निर्माण के लिए प्रत्येक पंचायत को 11-11 लाख रुपये प्रदान करने, मंडी में किसान भवन की मरम्मत के लिए 10 लाख, पुलिस चौकी कोटली को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने, आईटीआई कोटली में दो नए ट्रेड आरंभ करने की घोषणा की।
उन्होंने कोटली में अटल आदर्श पाठशाला, क्षेत्र में पांच संपर्क मार्गों को प्रत्येक के लिए पांच लाख देने तथा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विज्ञान कक्षाएं आरंभ करने की भी घोषणा की। सीएम जयराम ने कहा कि धुआं देवी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
उन्होंने धुआं देवी में पटवार वृत्त खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंडोह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, मंडी में बंदोबस्त कार्यालय खोलने तथा क्षेत्र के पशु औषधालय को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने का एलान किया। रंधाड़ा, कोट मसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। सीएम ने सेहली पीएचसी भवन के लिए 10 लाख देने की घोषणा की। पूर्व मंत्री सुखराम और उनके बेटे भाजपा विधायक अनिल शर्मा के गढ़ में सीएम ने कहा कि कभी भी कोटली के लोगों को निराश नहीं करूंगा।
...
शुभारंभ
-16.66 करोड़ की उठाऊ जलापूर्ति योजना रोडा नाला सताहण
- 5.42 करोड़ रुपये के ग्रामीण विकास केंद्र सदयाणा के भवन
- 58 लाख रुपये के पशु औषधालय बीर के भवन का उद्घाटन
-आरएफएसएल, सीआर मंडी में आरटीपीसीआर की सुविधा का शुभारंभ
...
ये किए शिलान्यास
ग्राम पंचायत बीर बाड़ी, गुमाणु सदयाणा, कसाण, सदोह और तमरोह में कथयारी तथा समीप के गांवों के लिए 18.37 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना के सुधार तथा संवर्द्धन कार्य का शिलान्यास किया।
नाबार्ड के तहत 5.08 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत निचला लोट, बग्गी, सेहली, साई और कसाण की पुरानी पाइपों को बदलने, एडीबी के तहत 4.57 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना स्तरैण, पतरौण तथा उठाऊ जलापूर्ति योजना रंधाड़ा के सुधार और संवर्द्धन कार्य, 15.37 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत भरगांव, कोटली, चनियारा ऊपरली सुराड़ी और खलाणू के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना तथा 12 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना चांबी, जोला, झाल, पधियूं, तल्याहड़ और सैण का शिलान्यास किया। 58 लाख रुपये की लागत से रंधाड़ा-अलाथू वाया चचहोला सड़क, 1.26 करोड़ रुपये की लागत से ऊपराल-थनौट सड़क वाया सैहली, 19 लाख रुपये की लागत से गांव सताहण के लिए सड़क तथा 92 लाख रुपये की लागत से गांव बनौण से ठारू तथा गैहरा सड़क का भूमि पूजन भी किया।
000