महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के स्थान और तिथि में बदलाव
इंटर-कॉलेज चैंपियनशिप के लिए खेल निदेशालय ने दी नई तिथियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी (हिमाचल प्रदेश) के खेल एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय ने 16 अक्तूबर को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर महाविद्यालय चैंपियनशिप के संशोधित वार्षिक खेल एवं युवा गतिविधि कैलेंडर की अधिसूचना जारी की है। निदेशक प्रो. राजेश शर्मा ने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों के चलते खेल प्रतियोगिताओं की तिथियों और आयोजन स्थलों में बदलाव किया गया है।
संशोधित कैलेंडर के अनुसार महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता, जो पहले राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होनी थी, अब 23 से 24 अक्तूबर तक गायत्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित की जाएगी। वहीं, राजकीय महाविद्यालय बलद्वाड़ा में 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को संशोधित कार्यक्रम की सूचना भेज दी गई है। प्रतियोगिताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।