टिहरा (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुजा बल्ह के प्रांगण में सोमवार को तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उपप्रधान बलवंत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य पवन ठाकुर, प्रबंधन समिति एवं समस्त स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुंदर लोकनृत्य प्रस्तुत कर समारोह में समां बांध दिया।
तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में क्षेत्र के 12 विभिन्न स्कूलों की 80 छात्रा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कबड्डी के उद्घाटन मैच में अजय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरौन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हाई स्कूल कांगो का गहरा को 48-13 के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।
वहीं, बैडमिंटन स्पर्धा के पहले मैच में नल्याणा की टीम ने गदीधार को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बैडमिंटन के दूसरे मुकाबले में रसैण की टीम ने हुक्कल को शिकस्त देकर जीत अपने नाम की। आगामी दो दिनों में अन्य स्पर्धाओं के मुकाबले खेले जाएंगे।