शून्य से 18 वर्ष के हृदय रोगियों को गिफ्ट ऑफ लाइफ योजना के तहत मिलेगा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर के प्रोजेक्ट में अब हृदय रोगियों का उपचार शामिल किया है। शून्य से 18 साल के मरीजों को गिफ्ट ऑफ लाइफ योजना के तहत निशुल्क उपचार मिलेगा। जरूरतमंद परिवारों के मरीजों के ऑपरेशन भी निशुल्क होंगे। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल, वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर ने बताया कि हृदय रोग से ग्रस्त जो मरीज इलाज करवाने में असमर्थ हैं, उनके उपचार का जिम्मा रोटरी क्लब उठाएगा। घटना, दुर्घटना में अंग गंवाने वालों को कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने के साथ आंखों का उपचार भी करवाया जा रहा है।
रविवार को रोटरी क्लब की बैठक रोटरी कार्यालय में हुई। इसमें सभी विषयों पर चर्चा की गई। रोटरी सचिव सुशील कुमार पठानिया, रामलाल, ज्ञान चंद आदि ने बताया कि दिसंबर में ही हृदय रोगियों की पड़ताल के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। 22 दिसंबर को लक्ष्मी बाजार स्थित कार्यालय में हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रकाश राणा रोटरी क्लब के गिफ्ट ऑफ लाइफ प्रोजेक्ट के तहत हृदय रोगियों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। पात्र लोगों के निशुल्क ऑपरेशन के साथ उन्हें दवाई भी मुहैया करवाई जाएगी। बैठक में अधिवक्ता रणजीत चौहान, रोटेरियन पीसी मंहत, डॉ. अनिल ठाकुर, डॉ. शशि सकलानी भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। संवाद