तीसरी भजन संध्या में शिव-पार्वती की झांकियां बनीं आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर शहर के पुराना पंजाब नेशनल बैंक के समीप सजे पंडाल में आयाेजित तीसरी भजन संध्या में रविवार को बैजनाथ के रोहित कौंडल ने गणपति के भजनों और भेंटों से गणेश भगवान का गुणगान किया। रोहित ने देवा ओ देवा गणपति देवा, सत्यम शिवम सुंदरम सहित अन्य भजनों से समां बांधा।
भजन संध्या का आगाज गणपति की आरती से किया गया। संध्या में शहर के वरिष्ठ नागरिक भानू प्रकाश कटोच बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। गणपति सेवा समिति के अध्यक्ष सचिन सूद ने कहा कि समिति की ओर से पिछले 14 वर्षों से गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान भजन संध्या में निकाली गई शिव-पार्वती की झांकियाें को जनता ने खूब सराहा। इधर रामलीला मैदान में भजन गायक अजीत पराशर और संजीव सुकोश ने भजनों और भेंटों से श्रद्धालुओं को निहाल किया। बालकरूपी और मझारनू स्थित पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। 16 सितंबर को गणपति की महाआरती उतारी जाएगी। 17 सितंबर को शोभायात्रा के साथ गणपति की प्रतिमाओं का मच्छयाल स्थित बडोण, गणेश घाट पर विसर्जन किया जाएगा।