मंडी में पहले 450 रुपये में बिक रहा था एक बैग, अब 470 रुपये का हुआ
20 दिन में सीमेंट के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी होने पर लोगों ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सीमेंट कंपनियों की ओर से प्रदेशभर में रातों रात सीमेंट के दामों में 15 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। 20 दिन में दूसरी बार सीमेंट के दाम बढ़ाए गए हैं। रविवार रात को अचानक से सीमेंट के दामों में 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में अब लोगों को अपने सपनों का घर बनाने में महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी।
24 अगस्त को सीमेंट के दाम में 10 रुपये बढ़ोतरी की थी। रविवार रात को एक बार फिर से 15 रुपये की बढ़ोतरी की कर दी है। 20 दिन पूर्व मंडी जिला में एसीसी सीमेंट के दाम 10 रुपये बढ़ाकर प्रति बैग 450 रुपये थे, जिसमें अब 15 रुपये की बढ़ोतरी होने पर लोगों को 470 रुपये में एक बोरी खरीदनी होगी। हालांकि एसीसी गोल्ड सीमेंट के दाम जो पहले 575 रुपये थे, अब 15 रुपये वृद्धि होने पर 490 रुपये के हिसाब से खरीदनी होगी। अन्य कंपनियों के दाम में भी इसी तरह से बढ़ोतरी हुई है। सीमेंट बोरी पर 20 दिन में 25 रुपये की बढ़ोतरी होने से इसका सीधा असर लोगों की जेब पड़ पड़ेगा।
क्या कहते हैं लोग
- 20 दिन में सीमेंट के दामों में 25 रुपये का उछाल आया है, ऐसे में लोगों को घर बनाना मुश्किल हो जाएगा। चौधरी राम निवासी गागल बल्ह
- सीमेंट के दामों 15 रुपये बढ़ोतरी होने से अब लोगों को 470 रुपये में प्रति बैग खरीदना होगा। राजेश कुमार, निवासी रंधाड़ा
- सीमेंट के दाम बढ़ने से अब घर तक एक बोरी पहुंचाने के 520 रुपये चुकाने पड़ेंगे, क्योंकि 470 रुपये बोरी और 50 रुपये घर तक पहुंचाने की मजदूरी देनी पड़ेगी-
हरीश चंद्र ठाकुर, कारोबारी