सलाहण-धार संपर्क मार्ग के खस्ताहाल के कारण मरीज को बेड पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ा।
- फोटो : Mandi
लडभड़ोल (मंडी)। ग्राम पंचायत खद्दर के धार गांव को सड़क की सौगात तो मिली है लेकिन मरम्मत न होने से सड़क गड्ढों में बदल गई है। हालत यह है कि सलाहण-धार सड़क पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाती है। वीरवार को धार गांव के मरीज को चारपाई पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा है।
करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक मरीज को पहुंचाया और उसके बाद वाहन में मरीज को पालमपुर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह धार गांव के 65 वर्षीय भीमसेन अचानक बीमार पड़ गए। परिजनों और गांववासियों को बारिश के बीच मरीज को चारपाई पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क धर्मपुर-बैजनाथ पर लाना पड़ा। इसके बाद ही मरीज को पालमपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार किया जा रहा है।
स्थानीय निवासी भूरी सिंह, चांद धीमान, नारायण सिंह, बालम राम, देशराज, अनिल, चमन, सुनील, मिंटू, दान सिंह आदि ने कहा कि गांव को 10 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जोड़ा गया है। मार्ग में जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। मिट्टी के ढेर लगे हैं। आज तक मरम्मत नहीं हो सकी है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक प्रकाश राणा से सड़क की मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
...
ठेकेदार को काम किया अवार्ड
लोक निर्माण विभाग उपमंडल लडभड़ोल के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने कहा कि बरसात के कारण सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है। ठेकेदार को काम अवार्ड कर दिया है। शीघ्र ही ठेकेदार को कह कर सड़क का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
000