धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर की कांढातन-हयोलग वायां पनगोह सड़क की खस्ताहालत को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा चरम पर है। लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे मजबूरन पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव करेंगे। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है। स्थानीय निवासी गुलशन कुमार, नेहा देवी, अजय ठाकुर, रोहित ठाकुर, रूकमणी देवी, रूमा देवी, गुलाब सिंह, गांधीराम, टेकचंद और भावना देवी ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार सड़क सुधार की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हर बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टालते आ रहे हैं। सहायक अभियंता ई. मुनीष कुमार से जब भी संपर्क किया जाता है, तो वे कहते हैं कि अगले दिन जेसीबी मशीन भेज दी जाएगी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क की दयनीय स्थिति के कारण बीमार व्यक्तियों को अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहनों का आना-जाना बंद हो गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
जल्द करवा दी जाएगी सड़क ठीक
विभाग के सहायक अभियंता ई. मुनीष कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि मेरे ध्यान में लोगों ने यह बात लाई है और जल्दी ही इस सड़क को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विभाग के सहायक अभियंता ई. मुनीष कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि मेरे ध्यान में लोगों ने यह बात लाई है और जल्दी ही इस सड़क को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।