पंडोह-कांढा सड़क का तांदी जीरो प्वाइंट के पास धंस रही सड़क। संवाद
पंडोह (मंडी)। पंडोह-कांढा मार्ग में तांदी जीरो प्वाइंट के पास सड़क धंसने का सिलसिला लगातार जारी है। सड़क के बार-बार धंसने से इसे यातायात के लिए बहाल रख पाना चुनौती बनता जा रहा है। शनिवार को यहां 5 से 6 फीट पत्थर और मिट्टी डालकर धंसी हुई सड़क को दुरुस्त किया गया था लेकिन रविवार को फिर से हुई बारिश के कारण यहां सड़क और धंस गई।
सड़क को बहाल करने के लिए मिट्टी और पत्थर भरे जा रहे हैं। इस खस्ताहाल सड़क ने न केवल स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित किया है, बल्कि क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं, स्कूली बच्चों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और कर्मचारी रोजाना मरम्मत का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन स्थायी सुधार नजर नहीं आ रहा। यह सड़क कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है, जिसमें सरोआ, बाड़ा, कांडा, अनाह, तांदी आदि शामिल हैं।
स्थानीय लोगों और टैक्सी यूनियन ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस सड़क का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जाए। लोक निर्माण विभाग बगस्याड़ के सहायक अभियंता योगेश ने बताया कि बारिश के चलते पहाड़ी खिसकने से सड़क धंस रही है। पहले भी मरम्मत की गई लेकिन रविवार को सड़क फिर से धंस गई। विभाग की मशीनरी और कर्मचारी मौके पर तैनात हैं और सड़क बहाली के कार्य को लगातार जारी रखने का कार्य किया जा रहा है। मौसम साफ होने पर यहां सुरक्षा दीवार लगाकर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। संवाद