करसोग के तहत मंडी-करसोग सड़क पर कुफरीधार के पास एचआरटीसी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मंडी से करसोग जा रही एचआरटीसी की बस के अचानक से टायर खुल गए। जिससे बस में सवार 24 सवारियों की जान एकाएक खतरे में पड़ गई।
टायर खुलने के बाद बस लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क पर चलती रही है। बस चालक ने सूझ-बूझ दिखाकर बस को रोका। जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार कुफरीधार के पास मोड़ पर बस के कंडक्टर साइड के दोनों टायर खुल गए। जिसके बाद बस लगभग आधा किलोमीटर तक चलती रही।
बस चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस में ब्रेक लगाने की बजाए बस को सड़क पर नियंत्रित किए रखा। जिससे बस में सवार सवारियों को किसी भी तरह की चोटें नहीं आईं। बस से टायर खुलने के बाद टायर एक हजार फीट गहरी खाई में जा गिरे। घटना के बाद एचआरटीसी के करसोग बस डिपो से मैकेनिक ने आकर बस की रिपेयर की।
उधर, आरएम मंडी विनोद कुमार ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी के चलते हादसा पेश आया था। मौके पर टीम भेज दी गई है। बस चालक की समझदारी से किसी भी सवारी को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं आई है।