रिवालसर से दो किलोमीटर दूर डंपिंग साइट का चयन, 50 लाख की मशीनरी होगी स्थापित
कूड़ा संयंत्र लगने के बाद कचरे की समस्या होगी हल, साफ सुथरी होगी धार्मिक और पर्यटन नगरी
यादविंद्र शर्मा
रिवालसर (मंडी)। धार्मिक और पर्यटन नगरी रिवालसर अब पहले के मुकाबले और अधिक साफ सुथरी नजर आएगी। कूड़ा कचरे के निष्पादन के लिए नगर पंचायत रिवालसर ने डंपिंग साइट का चयन कर लिया है, जबकि अब यहां कूड़ा संयंत्र लगाने की कवायद चल रही है। यहां करीब 50 लाख रुपये की मशीनरी स्थापित की जाएगी। इससे रिवालसर के कूड़े कचरे का सही निष्पादन होगा।
सात वार्डों वाली नगर पंचायत रिवालसर को कूड़े के सही निष्पादन के लिए रिवालसर से दो किलोमीटर दूर डंपिंग साइट के लिए जमीन ले ली है। यहां कूड़ा निष्पादन के लिए मशीनरी लगाकर गीले कूड़े की खाद तैयार कर नगर पंचायत कमाई करेगी। मौजूदा समय में नगर पंचायत सात वार्डों से घर-घर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग लेती है। इसकी एवज में घरेलू उपभोक्ताओं से 30 रुपये वसूले जाते हैं।
नगर पंचायत के उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव और पार्षद लाल सिंह ठाकुर, सुलोचना देवी, शोभना देवी, अनीता देवी, कमल गुप्ता ने बताया कि कूड़ा निष्पादन सही तरीके से करने के लिए नगर पंचायत ने पहल की है। इससे रिवालसर की सुंदरता भी बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को बेहतरीन सुविधा मुहैया होगी।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने बताया कि जमीन के लिए कुछ औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र ही मशीनरी लगवा कर कूड़े का निष्पादन किया जाएगा। हाल ही में जिला प्रशासन के माध्यम से नगर पंचायत ने दो बीघा जमीन अपने नाम करवा ली है। शीघ्र ही करीब 50 लाख रुपये से अधिक की मशीनरी इस जमीन पर स्थापित कर कूड़ा संयंत्र लगाकर कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। संवाद