सधोट में किसान सभा की कमेटी गठित, कुलदीप ठाकुर अध्यक्ष
5 सितंबर को सज्याओपिपलु में किसान सम्मेलन, 15 डेलीगेट लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। ग्राम पंचायत सधोट में हिमाचल किसान सभा की शनिवार को बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए। किसानों ने नकली बीज से हुए नुकसान की भरपाई, अगले सीजन में गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाने, फसल बीमा को लेकर जागरूकता शिविर लगाने और बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई। मलकीयत भूमि पर उगे पेड़ों को काटने पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी की गई।
बैठक में सधोट में बैंक शाखा खोलने, हमीरपुर के लिए सुबह-शाम बस सेवा शुरू करने, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य जल्द पूरा करने तथा गासितां खड्ड पर निर्माणाधीन पुल और अप्रोच रोड का काम शीघ्र पूरा करने का प्रस्ताव पारित हुआ। स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के विरोध में भी प्रस्ताव पारित किया गया।
बाला राम की अध्यक्षता में हुई बैठक का नेतृत्व किसान सभा के खंड प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने किया। पंचायत कमेटी में कुलदीप ठाकुर को अध्यक्ष, भाग सिंह-1 को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रकाश वर्मा को उपाध्यक्ष, दीपक प्रेमी को सचिव, दीप कुमार व सुरेश कुमार को सहसचिव तथा रमेश चंद कोषाध्यक्ष चुना गया। बाला राम और पंचायत प्रधान डॉ. करतार सिंह शोली को सलाहकार बनाया गया। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पांच सितंबर को सज्याओपिपलु में किसान सम्मेलन होगा, जिसमें सधोट से 15 डेलीगेट भाग लेंगे। इससे पहले सदस्यता अभियान चलाकर किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।