नगर निगम के चुनाव का कर चुके हैं बहिष्कार
ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम के वार्ड नंबर-14 बैहना के लोगों ने क्षेत्र को नगर निगम से बाहर कर दोबारा पंचायत में शामिल करने की मांग को लेकर फिर मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगामी चुनावों का भी बहिष्कार करेंगे।
रविवार को लेखराज राणा, शिव सिंह चंदेल, मीरा रावत, देवराज वर्मा, नरेश भारद्वाज, रूप लाल, परमानंद, टेकचंद, तारा चंद सहित 60 से 70 ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर बैहना वार्ड को नगर निगम से बाहर कर पुनः पंचायत में शामिल करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले भी उन्होंने यही मांग उठाई थी। उस समय आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण चुनाव के बाद समाधान का आश्वासन दिया गया था लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बैहना को नगर निगम में शामिल किए जाने का ग्रामीण शुरू से ही विरोध करते रहे हैं। यह भी कहा कि पूर्व सरकार ने नगर निगम गठन के बाद मर्ज क्षेत्र को बाहर करने का भरोसा दिया था, लेकिन वह वादा भी पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इसी विरोध के चलते हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में बैहना वार्ड के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया था। इसके बावजूद सरकार ने उनकी मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया। पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बैहना के लोगों की मांग उनके समक्ष रखेंगे। वार्ड को नगर निगम से बाहर कर पंचायत में शामिल करने के मुद्दे पर सकारात्मक समाधान का प्रयास किया जाएगा। शीघ्र ही बैहना के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।